जीवन हत्याकांड में न्याय समिति की मुख्यमंत्री से वार्ता सफल, सरकार ने मानी सभी मांगें

हिसार। बहुचर्चित जीवन कुंडू हत्याकांड को लेकर चल रहे न्याय संघर्ष के बीच बड़ी खबर सामने आई है। न्याय समिति के सदस्यों और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के बीच हुई वार्ता सफल रही है। समिति सदस्य एवं पूर्व सरपंच रवि कुंडू ने वार्ता के बाद इसकी जानकारी दी।

रवि कुंडू के अनुसार, सरकार ने न्याय समिति की सभी प्रमुख मांगों को मानने पर सहमति जताई है। इसके बाद परिवार की सहमति से आज किनाला में जीवन कुंडू का दाह संस्कार किया जाएगा।

मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी का आश्वासन

वार्ता में जीवन हत्याकांड के मुख्य आरोपी रमेश अत्री की गिरफ्तारी को लेकर मुख्यमंत्री की ओर से ठोस आश्वासन दिया गया है। न्याय समिति लंबे समय से मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रही थी।

इस मामले में पुलिस पहले ही कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर परिवार और ग्रामीणों में लगातार रोष बना हुआ था।

15 अगस्त को दर्ज मुकदमे होंगे वापस

न्याय समिति के मुताबिक, 15 अगस्त को हांसी में प्रदर्शन के दौरान लोगों पर दर्ज किए गए मुकदमों को वापस लेकर रद्द किया जाएगा। समिति ने इसे आंदोलन की बड़ी सफलता बताया है।

पकड़े गए वाहन भी लौटाए जाएंगे

वार्ता में हांसी में कार्रवाई के दौरान पकड़े गए सभी वाहनों को वापस लौटाने पर भी सहमति बनी है। इसके अलावा पीड़ित परिवार की मदद करने का भी सरकार की ओर से आश्वासन दिया गया है।

इससे पहले जीवन हत्याकांड को लेकर किसान संगठनों और खाप प्रतिनिधियों ने कई स्थानों पर विरोध प्रदर्शन किया था। 14 अगस्त को हरियाणा के सात टोल प्लाजा पर भी तीन घंटे तक प्रदर्शन हुआ था और मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी की मांग उठाई गई थी।

14 दिन बाद होगा अंतिम संस्कार

जीवन कुंडू की हत्या के बाद परिवार और ग्रामीण न्याय की मांग को लेकर लगातार संघर्ष कर रहे थे। अब मुख्यमंत्री के साथ हुई वार्ता में मांगें माने जाने के बाद परिवार ने अंतिम संस्कार के लिए सहमति दी है।

न्याय समिति के सदस्य पूर्व सरपंच रवि कुंडू ने कहा कि सरकार ने समिति की सभी प्रमुख मांगें मान ली हैं और अब आज किनाला में जीवन कुंडू का अंतिम संस्कार किया जाएगा।

आंदोलन के बाद सरकार से बनी सहमति

जीवन हत्याकांड को लेकर क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे आक्रोश और आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री के साथ हुई यह बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी और अन्य मांगों पर सरकार की ओर से आगे क्या कार्रवाई होती है।

फिलहाल न्याय समिति ने मुख्यमंत्री के साथ हुई वार्ता को सफल बताते हुए आंदोलन के प्रमुख मुद्दों पर सरकार से सहमति बनने की जानकारी दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *